पल्स पोलियो अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, एसीएमओ ने पीएचसी पिपली का किया औचक निरीक्षण

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपली का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान डॉ. पांगती ने पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए वैक्सीन कोल्ड चेन व्यवस्था, डीप फ्रीजर की कार्यशीलता, दवा उपलब्धता, चिकित्सालय की साफ-सफाई तथा अभिलेखों के रखरखाव का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

ये भी पढ़ें:  रा0इ0का0 चिन्यालीसौड़ के छात्रों की नई पहलः प्लास्टिक की जगह केले के पत्ते और स्थानीय फूलों से अतिथियों का स्वागत


अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इस दौरान उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर पिपली का भी निरीक्षण किया और वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं अभिलेखों की समीक्षा की। उन्होंने जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा।
डॉ. पांगती ने जनपदवासियों से अपील की कि 28 जून को आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक शर्मा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनीत बिष्ट, फार्मासिस्ट ओमप्रकाश कंडवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *