उत्तरकाशी,
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
भटवाड़ी तहसील अंतर्गत दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर लापता हुई महिला ट्रेकर की तलाश के लिए चलाए जा रहे व्यापक खोज एवं बचाव अभियान की जिलाधिकारी प्रशांत आर्य लगातार निगरानी कर रहे हैं। सोमवार को जिलाधिकारी ने आपदा स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की प्रगति और वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक किए गए सर्च ऑपरेशन, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, उपयोग में लाए जा रहे संसाधनों तथा क्षेत्र की भौगोलिक चुनौतियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला ट्रेकर की शीघ्र तलाश सुनिश्चित करने के लिए अभियान में और अधिक तेजी लाई जाए तथा उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।

डीएम ने अभियान को और अधिक सशक्त बनाने के लिए आईटीबीपी और सेना की सहायता लेने के निर्देश भी दिए, ताकि दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में खोज कार्य को और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। उन्होंने कंट्रोल रूम से अभियान की लगातार मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक गतिविधि की नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी संभावित सुराग पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उधर, सोमवार को आपदा क्यूआरटी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं वन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा गोई कैंप से रैथल की ओर अलग-अलग दिशाओं में लगभग 5-5 किलोमीटर के दायरे में गहन सर्च अभियान चलाया गया। टीमों ने दुर्गम क्षेत्रों, जंगलों और ट्रेक मार्ग के आसपास के इलाकों में व्यापक खोजबीन की।
प्रशासन के अनुसार महिला ट्रेकर की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है और सभी एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ जुटी हुई हैं।

