उत्तरकाशी,
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
चारधाम यात्रा-2026 के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन को लेकर उत्तरकाशी पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। यात्रा मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं नशा तस्करों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बड़कोट पुलिस ने अवैध स्मैक की तस्करी करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बड़कोट श्री सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा 29 मई 2026 की रात्रि राजतर-राजगढ़ी बस स्टॉप के समीप चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान अभियुक्त प्रवेश सिंह चौहान के कब्जे से 2.40 ग्राम तथा मक्खन सिंह के कब्जे से 2.03 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल 4.43 ग्राम अवैध स्मैक की बरामदगी हुई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कोतवाली बड़कोट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त
प्रवेश सिंह चौहान (25 वर्ष), निवासी ग्राम मसरी, मोरी, जनपद उत्तरकाशी।
मक्खन सिंह (25 वर्ष), निवासी ग्वाल गांव, मोरी, जनपद उत्तरकाशी।
बरामदगी
कुल 4.43 ग्राम अवैध स्मैक
अनुमानित कीमत: ₹1.30 लाख
पुलिस टीम
अपर उपनिरीक्षक विक्रम सिंह
मुख्य आरक्षी मोहन सिंह ठाकुर
आरक्षी विपिन शर्मा
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान नशा तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

