उत्तरकाशी
रिपोर्ट : गंगोत्री एक्सप्रेस
गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण का जनसम्पर्क अभियान लगातार जारी है। बुधवार को उन्होंने क्षेत्र में आयोजित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जनसम्पर्क कार्यक्रमों में सहभागिता कर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की तथा उनका कुशलक्षेम जाना।
पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सर्वप्रथम माँ यमुना के पावन धाम यमुनोत्री धाम की सात दिवसीय यात्रा से लौटे काशी क्षेत्र के क्षेत्राधिपति एवं श्रद्धा के केंद्र ईष्ट देव भगवान कंडार देवता की अस्सी गंगा घाटी के चिंवा गाँव में
आयोजित भव्य अगुवाई कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों के साथ देव डोली के स्वागत में भाग लिया तथा गंगोरी तक पैदल यात्रा में सम्मिलित होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पूरे क्षेत्र में लोक आस्था, भक्ति एवं पारंपरिक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इसके उपरांत वे बौन गाँव पहुँचे, जहाँ गाँव की व्याही ध्याणियों द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सम्मिलित होकर व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आयोजन समिति, ग्रामवासियों एवं ध्याणियों को सफल आयोजन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में संस्कृति, संस्कार और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

कथा के दौरान कथा व्यास श्री जगदीश प्रसाद उनियाल द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भावपूर्ण कथा का वाचन किया गया। सुंदर झांकियों एवं भक्तिमय वातावरण ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
सायंकाल पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने चिणाखोली गाँव में जनसम्पर्क कर ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएँ एवं सुझाव सुने तथा विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की जनता के सुख-दुःख में सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

