मोरी में भालू का हमला, बगीचे की ओर जा रहा युवक घायल

उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड में भालू के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह सुपिन रेंज मोरी के अंतर्गत जखोल गांव में भालू ने एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान अभिषेक पुत्र सुबीलाल निवासी जखोल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक रविवार सुबह अपने बगीचे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे भालू के चंगुल से बचाया। इसके बाद ग्रामीण घायल युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मोरी ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।
क्षेत्र में लगातार हो रहे भालू के हमलों से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद वन विभाग के प्रति ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार जंगली जानवरों के हमले हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित गांवों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, भालू की सक्रियता वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।

ये भी पढ़ें:  उत्तरकाशी पुलिस ने छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर, महिला सम्बन्धी अपराधों एवं अधिकारों के प्रति किया जागरुक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *