जनगणना-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, उत्तरकाशी में दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

उत्तरकाशी। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुगम तरीके से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के भविष्य के नीति-निर्धारण और जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है। ऐसे में प्रत्येक परिवार और प्रत्येक नागरिक से संबंधित सही एवं सटीक जानकारी दर्ज होना बेहद जरूरी है।
16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के आगामी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। नागरिकों के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ-एन्युमरेशन) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक वास्तविक सर्वेक्षण चक्र संचालित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए 09 आग्रह उत्तराखण्ड राज्य के विकास के मूलमंत्र : सीएस राधा रतूड़ी


दूरस्थ क्षेत्रों पर विशेष फोकस, डिजिटल तकनीक बनेगी मददगार
पर्वतीय और सीमांत जनपद उत्तरकाशी की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए जनगणना कार्य में डिजिटल तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को रियल-टाइम डेटा एंट्री, जीपीएस लोकेशन मैपिंग और सर्वर लिंकिंग जैसी तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद का कोई भी परिवार अथवा दूरस्थ तोक जनगणना प्रक्रिया से छूटना नहीं चाहिए। खासतौर पर दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर जन-जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सटीक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशासन का कहना है कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण आधार उपलब्ध कराएंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड के सहायक निदेशक संजीव कुमार, जिला समन्वयक उत्तरकाशी ध्रुवेन्द्र कुमार वर्मा तथा जिला समन्वयक टिहरी पंकज सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *