उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
डिजिटल दौर में जहां साइबर ठग रोज़ नए-नए हथकंडों से लोगों की मेहनत की कमाई पर डाका डाल रहे हैं, वहीं उत्तरकाशी पुलिस ने एक बार फिर अपनी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से यह साबित कर दिया कि सही समय पर शिकायत दर्ज होने पर साइबर ठगी की रकम वापस भी दिलाई जा सकती है।
जून 2026 में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से उत्तरकाशी पुलिस को ₹7.40 लाख की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत प्राप्त हुई। मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में कोतवाली उत्तरकाशी और साइबर सेल की संयुक्त टीम तुरंत सक्रिय हो गई।
टीम ने संबंधित बैंकों, संदिग्ध मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन से जुड़े तकनीकी इनपुट का गहन विश्लेषण करते हुए लगातार समन्वय स्थापित किया। पुलिस की तेज़ और पेशेवर कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि साइबर ठगी में गई ₹7,40,000 की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी गई।
यह सफलता केवल एक व्यक्ति को राहत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि यदि साइबर अपराध की सूचना समय रहते दी जाए तो ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
पूरी राशि वापस मिलने के बाद पीड़ित ने उत्तरकाशी पुलिस और साइबर सेल की त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
एसपी कमलेश उपाध्याय की अपील
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसलिए किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल, निवेश योजना, संदिग्ध लिंक या संदेश पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, OTP, CVV, UPI PIN और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी अज्ञात QR कोड को स्कैन करने या अनधिकृत ऐप डाउनलोड करने से बचें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी के साथ साइबर या वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो ‘गोल्डन आवर’ के भीतर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर कार्रवाई से धनराशि वापस मिलने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस की अपील
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
एक छोटी-सी लापरवाही आपकी वर्षों की कमाई को खतरे में डाल सकती है, जबकि समय पर की गई शिकायत आपकी पूरी रकम वापस भी दिला सकती है। उत्तरकाशी पुलिस की यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी और प्रेरणादायक सफलता के रूप में सामने आई है।
साइबर ठगों पर उत्तरकाशी पुलिस का बड़ा प्रहार, पीड़ित के खाते में लौटे ₹7.40 लाख

