उत्तरकाशी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में चारधाम यात्रा से मध्य नजर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण

उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा
चारधाम यात्रा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग के नोडल अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती ने चिन्यालीसौड़ से लेकर डुंडा तक विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चिन्यालीसौड़ में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। विशेष रूप से अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के सही रखरखाव पर जोर दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त और तत्पर रखें।
इसके बाद टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मखाल, कल्याणी और डुंडा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, ऑक्सीजन सिलेंडरों की व्यवस्था, स्वास्थ्य उपकरणों की कार्यशील स्थिति बनाए रखने तथा चारधाम यात्रा से जुड़ी दैनिक रिपोर्टिंग नियमित रूप से भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रियों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

ये भी पढ़ें:  अच्छी पहल शादी-मुंडन में शराब परोसी तो पड़ेगा 51हजार रूपये का जुर्माना


निरीक्षण के उपरांत आयोजित आशा कार्यकत्रियों की मासिक बैठक में डॉ. पांगती ने उन्हें समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थागत प्रसव के लाभों के बारे में अधिक से अधिक जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए और एचपीवी वैक्सीन को लेकर भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, पीसीपीएनडीटी समन्वयक गिरीश व्यास, जिला आशा समन्वयक सीमा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
चारधाम यात्रा से पहले स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता साफ संकेत दे रही है कि इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *