दयारा बुग्याल में लापता महिला ट्रेकर की तलाश पांचवें दिन भी जारी, डीप डाइविंग टीम मैदान में, अब तक नहीं मिला कोई सुराग

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
भटवाड़ी तहसील अंतर्गत दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र में लापता महिला ट्रेकर की तलाश पांचवें दिन भी लगातार जारी है। जिला प्रशासन के निर्देशन में विभिन्न विभागों और एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक महिला का कोई पता नहीं चल पाया है।


जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में संचालित रेस्क्यू अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, आईटीबीपी, आपदा प्रबंधन की क्यूआरटी टीम सहित अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी एवं जवान लगातार जुटे हुए हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, घने जंगलों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद संभावित स्थानों पर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
महिला की तलाश को और प्रभावी बनाने के लिए आज विशेष डीप डाइविंग (विशेष खोज) टीम भी मौके पर पहुंच गई है। टीम द्वारा ट्रैक क्षेत्र के आसपास स्थित संभावित झीलों, जलाशयों और पानी वाले स्थलों में गहन तलाशी अभियान संचालित किया जा रहा है। डीप डाइविंग टीम में एसडीआरएफ, पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन के मास्टर ट्रेनर तथा क्यूआरटी के प्रशिक्षित सदस्य शामिल हैं।
प्रशासन का कहना है कि महिला की खोज के लिए सभी संभावित स्थानों को चिन्हित कर व्यवस्थित तरीके से तलाशी ली जा रही है। हालांकि पांच दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है।

ये भी पढ़ें:  उपरीकोट के भेडू कु थौलू में उमड़ा आस्था और संस्कृति का सैलाब, विधायक सुरेश चौहान ने की शिरकत


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला की तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और जब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिलती, तब तक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान पूरी गंभीरता के साथ जारी रहेगा।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस लगातार इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *