पीएम मोदी के जन्मदिन पर चिन्यालीसौड़ नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने भेजा पत्र, चारधाम ऑल वेदर रोड की समस्याओं पर दिलाया ध्यान

उत्तरकाशी रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चिन्यालीसौड़ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष मनोज कोहली ‘श्याम’ ने उन्हें जन्मदिन एवं भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना से जुड़े स्थानीय मुद्दों और क्षेत्र की विभिन्न

समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री को स्वस्थ, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश आधारभूत ढांचे के विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
चारधाम ऑल वेदर रोड को बताया पर्वतीय क्षेत्र की जीवनरेखा

ये भी पढ़ें:  चार धाम यात्रा को देखते हुए शासन प्रशासन की तैयारी


मनोज कोहली ने पत्र में चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना को पर्वतीय क्षेत्र की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि परियोजना से क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी की उम्मीद जगी है, लेकिन कुछ स्थानों पर अभी भी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं।
उन्होंने चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में जल निकासी, पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। पत्र में चिन्यालीसौड़ से आगे लगभग 500 मीटर की दूरी पर शैलिकेरा मार्ग स्थित डेंजर जोन का भी उल्लेख करते हुए वहां स्थायी एवं वैज्ञानिक समाधान की आवश्यकता बताई गई है।


धरासू बैंड मार्ग की स्थिति पर भी जताई चिंता
पत्र में गंगोत्री-यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाले धरासू बैंड मार्ग की स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर यातायात, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का बेहतर होना स्थानीय जनता के साथ देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी महत्वपूर्ण है।

ये भी पढ़ें:  नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट बोर्ड के 1 वर्ष पूर्ण होने पर उपलब्धियाँ


उन्होंने प्रधानमंत्री से संबंधित विभागों एवं प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर लंबित सड़क कार्यों, संवेदनशील डेंजर जोन, जल निकासी और जनसुविधाओं से जुड़े मामलों के स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई का आग्रह किया है।


जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ जनहित के मुद्दे भी
प्रधानमंत्री को भेजे गए इस पत्र में शुभकामना संदेश के साथ स्थानीय जनसमस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर सामने रखने का प्रयास किया गया है। मनोज कोहली ‘श्याम’ ने उम्मीद जताई कि इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई होगी और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *