श्रद्धालुओं का आंकड़ा पहुंचा 4 लाख के पार; सुगम यातायात और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के बीच जारी है चारधाम यात्रा

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी जनपद में चारधाम यात्रा लगातार गति पकड़ रही है। प्रशासन की सतर्क व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन के चलते श्रद्धालुओं की संख्या अब 4 लाख के पार पहुंच गई है। श्री यमुनोत्री और श्री गंगोत्री धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
यात्रा बुलेटिन के अनुसार 13 मई 2026 को शाम 6:30 बजे तक दोनों धामों में कुल 26,718 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिनमें 14,044 पुरुष, 12,116 महिलाएं और 558 बच्चे शामिल हैं। यात्रा प्रारंभ होने से अब तक कुल 4,12,815 तीर्थयात्री दोनों पावन धामों में दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री धाम में 2,07,390 तथा गंगोत्री धाम में 2,05,425 श्रद्धालु पहुंचे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों और धामों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। बढ़ती भीड़ के बावजूद यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार मुस्तैद हैं। मंगलवार को दोनों धामों के लिए कुल 2,243 वाहनों का संचालन किया गया, जिनमें यमुनोत्री के लिए 1,013 और गंगोत्री के लिए 1,230 वाहन रवाना हुए। इस यात्रा सीजन में अब तक 40,989 वाहनों के माध्यम से श्रद्धालु दोनों धामों तक पहुंच चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग भी यात्रा को सुरक्षित बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मंगलवार को 4,766 यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई, जबकि 491 यात्रियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सीय परामर्श दिया गया। अब तक कुल 1,25,413 श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग तथा 11,952 यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर मीडिया में लगातार उठाए गए मुद्दों और खबरों का असर भी साफ दिखाई दे रहा है। सड़क, यातायात, स्वास्थ्य और यात्रा प्रबंधन को लेकर प्रशासन पहले की तुलना में अधिक सक्रिय नजर आ रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है।

ये भी पढ़ें:  ब्रह्मखाल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 47 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *