उत्तरकाशी।
रिपोर्टर महावीर सिंह राणा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर AI तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों की छवि खराब करने और भ्रामक जानकारी फैलाने के मामलों ने अब गंभीर रूप लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में विकासखंड डुण्डा के प्रमुख एवं जनपद उत्तरकाशी के जनप्रतिनिधि राजदीप सिंह परमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी को लिखित शिकायत सौंपते हुए “UK 10 वाले” नामक फेसबुक पेज के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित फेसबुक पेज द्वारा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय नितिन नवीन जी के संदर्भ में भ्रामक, तथ्यहीन एवं AI आधारित भड़काऊ सामग्री प्रसारित की गई। साथ ही प्रमुख राजदीप सिंह परमार की अनावश्यक तुलना कर सोशल मीडिया पर उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने कहा कि आज के दौर में AI और सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल समाज के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। कुछ लोग फर्जी फोटो, एडिटेड वीडियो और मनगढ़ंत पोस्ट तैयार कर आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। ऐसे मामलों में समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस डिजिटल साजिश का शिकार हो सकता है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, लेकिन इसका दुरुपयोग कर किसी की प्रतिष्ठा पर हमला करना कानूनन अपराध है। इस तरह की गतिविधियां न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करती हैं बल्कि समाज में भ्रम और अविश्वास का माहौल भी पैदा करती हैं।
प्रमुख ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा आईटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर झूठ फैलाने वालों को यह समझना होगा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म अराजकता फैलाने का माध्यम नहीं है और कानून ऐसे लोगों तक पहुंचने में सक्षम है।

जनपद में इस शिकायत के बाद सोशल मीडिया पर फर्जी और AI जनरेटेड कंटेंट फैलाने वालों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार साइबर गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में इस प्रकार की भ्रामक पोस्ट करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

