गंगोत्री धाम में प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष पूजा-अर्चना, विधायक सुरेश चौहान ने की गंगा आरती

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री मन्दिर में विशेष पूजा-अर्चना और भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने मां गंगा से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की।


गंगोत्री धाम में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान विधायक सुरेश सिंह चौहान ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व और राष्ट्र के निरंतर विकास के लिए मंगलकामनाएं कीं। इसके बाद आयोजित भव्य गंगा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल क्रांति, आधारभूत ढांचे के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और युवाओं के लिए अवसर सृजन जैसे क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यकाल केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक परंपराओं, जनविश्वास और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित नेतृत्व का प्रतीक है। गंगोत्री से गंगा सागर तक करोड़ों देशवासियों की आस्था की प्रतीक मां गंगा के सान्निध्य में आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्र की समृद्धि, उन्नति और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रहा।

कार्यक्रम के समापन पर विधायक सुरेश सिंह चौहान ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित कर सभी को इस ऐतिहासिक अवसर की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष मनोजेंद्र रावत, मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, बदरी-केदार समिति सदस्य कृपाराम सेमवाल, कुलदीप सेमवाल, ग्राम प्रधान सज्जन सिंह नेगी, पूर्व सैनिक मोहन राणा, लक्ष्मण पंवार, भूपेश रावत सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  सीएम धामी ने आई.एस.बी.टी, देहरादून में जरूरतमंद लोगों को सर्दी से बचाव हेतु कंबल किये वितरित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *