कांवड़ियों की सेवा में उत्तरकाशी पुलिस, यात्रा मार्ग पर बांटे फल, बुरांश का जूस और शीतल पेय

उत्तरकाशी। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तरकाशी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सेवा भाव की भी अनूठी मिसाल पेश कर रही है। यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मी शिवभक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनका स्वागत-सत्कार कर यात्रा को और अधिक सुखद बनाने में जुटे हैं।


बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जिले के मनेरी और धरासू थाना क्षेत्र में विशेष सेवा अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने यात्रा मार्ग से गुजर रहे कांवड़ियों को फल, बुरांश का जूस एवं शीतल पेय वितरित कर उनकी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

मनेरी क्षेत्र में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार तथा प्रभारी निरीक्षक दीपक नौटियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पापड़गाड़ और भटवाड़ी भू-धंसाव क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं की सेवा की।

वहीं धरासू थाना प्रभारी मनोज असवाल के नेतृत्व में नालूपानी के समीप शिवभक्तों का स्वागत कर उन्हें बुरांश का जूस और फल वितरित किए गए।

ये भी पढ़ें:  ब्रेकिंग न्यूज़ उत्तरकाशी भागीरथी नदी में मिला 58 वर्ष महिला का शव

उत्तरकाशी पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा भी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसी उद्देश्य से यात्रा मार्ग पर पुलिस टीमें लगातार तैनात हैं, जो यातायात संचालन, मार्गदर्शन और जरूरतमंद यात्रियों की हरसंभव सहायता कर रही हैं।
पुलिस ने सभी कांवड़ियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा संयम और अनुशासन बनाए रखें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *