उत्तरकाशी/बड़कोट। तहसील बड़कोट के अंतर्गत नौगांव के सौली कस्बे में भू-धंसाव की बढ़ती स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार देर शाम प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। भू-धंसाव के कारण रिहायशी क्षेत्र के संवेदनशील होने को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभाव से इमेडिएट एक्शन प्लान लागू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए उपजिलाधिकारी बड़कोट समेत संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सरकारी भवनों अथवा किराए के सुरक्षित मकानों में अस्थायी रूप से विस्थापित करने की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में लोगों की जान-माल की सुरक्षा से समझौता न हो।
जिलाधिकारी ने आपूर्ति विभाग को प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि परिवारों को सरकारी भवनों में ठहराया जाता है तो वहां भोजन एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए क्षेत्र में कम्युनिटी किचन का संचालन शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके साथ ही राहत कार्यों को गति देते हुए प्रत्येक प्रभावित परिवार को सूखा राशन किट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की खाद्य सामग्री की समस्या का सामना न करना पड़े।

लगातार निगरानी, आपदा कंट्रोल रूम को तत्काल सूचना के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह का बदलाव, भू-धंसाव में वृद्धि अथवा आकस्मिक स्थिति सामने आने पर इसकी सूचना बिना किसी देरी के आपदा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल प्रभावित परिवारों को सुरक्षित करना और संवेदनशील क्षेत्र में किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए त्वरित राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

