उत्तरकाशी,
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत उत्तरकाशी में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने की दिशा में जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य की उपस्थिति में गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान तथा पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने गणना फॉर्म भरकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने जिले के नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शत-प्रतिशत सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना बेहद आवश्यक है।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि वर्तमान में जिलेभर में घर-घर सर्वे अभियान संचालित किया जा रहा है। इस दौरान बीएलओ मतदाताओं तक पहुंचकर आवश्यक जानकारी एकत्र कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा राजनीतिक दलों से अभियान को सफल बनाने के लिए बीएलओ का सहयोग करने का आग्रह किया।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग अपने मूल गांव या निवास स्थान से बाहर रह रहे हैं, वे भी इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहें। ऐसे नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voter.eci.gov.in पर जाकर अपना तथा अपने परिवार का गणना फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से समय रहते गणना फॉर्म भरने और मतदाता सूची को पूर्णत: सही एवं पारदर्शी बनाने में योगदान देने की अपील की है।

