उत्तरकाशी में बुधवार को सेवा, संकल्प और विकसित भारत के संदेश के साथ भव्य ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह उत्तरकाशी के जोशियाड़ा हेलीपैड पहुंचे, जहां जिला प्रशासन और भाजपा

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे रामलीला मैदान पहुंचे, जहां आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित किया।
रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सेवा ज्योति यात्रा के जरिए समाज को सेवा, जनसरोकार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर रंगोली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

इस दौरान मौजूद लोगों को ‘विकसित भारत @2047’ के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें सेवा कार्यों के साथ सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा सेतु अभियान, ‘मेरे सपनों का भारत’ और सुशासन सेवा संवाद जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
सीएम धामी ने की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने घोषणा की कि जिला अस्पताल उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी में विश्वनाथ ,शक्ति मन्दिर कॉरिडोर विकसित किए जाने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने उत्तरकाशी के विभिन्न क्षेत्रों और विद्यालयों को भी पर्यटन के मानचित्र से जोड़ने की दिशा में प्रयास करने की बात कही, ताकि क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी की प्राकृतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है
सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शुभकामनाएं दीं।
उत्तरकाशी में आयोजित यह कार्यक्रम सिर्फ एक सभा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देता नजर आया।

