उत्तरकाशी,
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने और विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में ग्राम्य विकास, स्वरोजगार, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, मनरेगा, ग्रामीण अवस्थापना विकास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही के साथ निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए ताकि अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक मजबूत “वर्क फोर्स” के रूप में विकसित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए।
बैठक में स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सूक्ष्म, लघु एवं खादी ग्रामोद्योग विभागों सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। साथ ही संगमचट्टी-अगोड़ा सड़क मार्ग के कार्यों में 15 दिनों के भीतर संतोषजनक प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा सतेंद्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, पुरोला ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह, पूर्व प्रमुख भटवाड़ी विनीता रावत, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

