उत्तरकाशी/डुंडा।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस द्वारा प्रमुखता से उठाई गई खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। डुंडा ब्लॉक में मनरेगा के तहत सामग्री आपूर्ति को लेकर जारी निविदा (टेंडर) प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है। खंड विकास अधिकारी, डुंडा द्वारा जारी कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विकास खंड स्तर पर सामग्री क्रय हेतु आमंत्रित कोटेशन को अपरिहार्य कारणों से निरस्त किया जाता है तथा नई तिथि पृथक से आमंत्रित की जाएगी।

कार्यालय आदेश के अनुसार जिला विकास अधिकारी/उप जिला कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा उत्तरकाशी के पत्र के अनुपालन में उत्तराखंड अधिप्राप्ति नियमावली 2025 के तहत विकास खंड स्तर पर सामग्री क्रय के लिए कोटेशन आमंत्रित किए गए थे, जिन्हें अब तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
गौरतलब है कि मनरेगा के तहत सामग्री आपूर्ति के लिए एकल ठेकेदार को निविदा दिए जाने के विरोध में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधानों ने आवाज उठाई थी। 02 मई को आयोजित बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने सर्वसम्मति से वर्तमान निविदा प्रक्रिया का विरोध करते हुए इसे निरस्त करने की मांग की थी।

बैठक में प्रस्ताव पारित कर निविदा प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की गई, जिसके बाद ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, डुंडा ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। ब्लॉक प्रमुख राजीव परमार के निर्देशों के बाद खंड विकास अधिकारी ने टेंडर प्रक्रिया निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया।
इस निर्णय के बाद क्षेत्र के ग्राम प्रधानों में खुशी की लहर है। प्रधान संगठन अध्यक्ष विनोद पड़ियार ने ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह निर्णय स्वागत योग्य है।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस की खबर के बाद हुई इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई को क्षेत्रीय जनता अपनी जीत मान रही है।

