उत्तरकाशी में विकास कार्यों की बड़ी समीक्षा बैठक, सीडीओ जय भारत सिंह ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर, विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा

उत्तरकाशी,
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
जनपद उत्तरकाशी के समग्र विकास को गति देने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने विकास भवन सभागार में सभी विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, योजनाओं की गुणवत्ता, लक्ष्य पूर्ति और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर गहन चर्चा की गई।


सीडीओ जय भारत सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने विभागवार समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषि एवं उद्यान विभाग को किसानों की आय बढ़ाने वाली योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक कृषकों को लाभान्वित करने को कहा गया। वहीं पशुपालन, डेरी विकास एवं मत्स्य विभाग को स्वरोजगार आधारित योजनाओं के प्रभावी संचालन और पात्र लाभार्थियों के चयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
उद्योग विभाग को स्वरोजगार और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। समाज कल्याण विभाग को पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और सामुदायिक परिसंपत्तियों के रखरखाव को प्राथमिकता देने को कहा गया। वहीं वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों और स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। उरेडा विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के प्रचार-प्रसार और योजनाओं के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए गए।
बाल विकास विभाग को कुपोषण उन्मूलन, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं और पोषण अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। अर्थ एवं संख्या विभाग को विकास योजनाओं से संबंधित आंकड़ों का समयबद्ध संकलन एवं अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
ग्रामीण निर्माण विभाग को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए सीडीओ ने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा, मुख्य उद्यान अधिकारी रजनीश सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अतुल आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  चिलमुड़गाँव गांव का होगा चौमुखी विकास ग्राम प्रधान प्रत्याशी श्रीमती विशीला देवी का वादा मेंहदी में शराबबन्दी.जंगली जानवरों से फसलों के सुरक्षा.बच्चों एवं ज्ञान के पिपासु लोगों के लिए कम्प्यूटर लैब की होंगी स्थापना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *