उत्तरकाशी/भटवाड़ी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र एवं भटवाड़ी क्षेत्रवासियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक, गौरवपूर्ण और बेहद खुशी का दिन बन गया है। वर्षों से जिस मांग को लेकर लगातार संघर्ष और प्रयास किए जा रहे थे, वह आखिरकार साकार हो गई। भटवाड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण हेतु ₹32 करोड़ से अधिक की बड़ी धनराशि को विधिवत स्वीकृति मिल गई है। इस खबर से पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है

यह स्वीकृति केवल एक अस्पताल निर्माण की घोषणा नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्र के हजारों लोगों के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की नई उम्मीद बनकर सामने आई है। साथ ही चारधाम यात्रा मार्ग पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे पूर्व ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी एवं वर्तमान भाजपा संयोजक गढ़वाल विनीता रावत तथा उनके पति एवं भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता जगमोहन सिंह रावत की वर्षों की मेहनत, संघर्ष और जनसेवा की भावना को सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है। क्षेत्र की जनता का कहना है कि दोनों लगातार शासन-प्रशासन के सामने भटवाड़ी क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं को मजबूती से उठाते रहे और अस्पताल के उच्चीकरण के लिए लगातार प्रयास करते रहे।

बताया जा रहा है कि पिछले कई वर्षों से अस्पताल के उच्चीकरण के लिए भूमि हस्तांतरण, प्रशासनिक प्रक्रियाएं और विभागीय मानकों को पूरा कराने हेतु लगातार मेहनत की गई। इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री Dhan Singh Rawat एवं वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री Subodh Uniyal से निरंतर संवाद कर क्षेत्र की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा गया।
भटवाड़ी की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमांत क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए पहले कम बजट की योजना प्रस्तावित थी, लेकिन लगातार फॉलोअप और विशेष आग्रह के बाद योजना का विस्तार किया गया और अंततः ₹32 करोड़ से अधिक की बड़ी स्वीकृति प्रदान की गई।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा पूर्व में अस्पताल स्थल का निरीक्षण भी किया गया था, जिसमें प्रस्तावित भूमि को अस्पताल निर्माण के लिए उपयुक्त बताया गया। अब इस स्वीकृति के बाद क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह उपलब्धि जनता के वर्षों के संघर्ष, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। क्षेत्र में लोग इसे गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के स्वास्थ्य विकास का “नया अध्याय” मान रहे हैं।
इस अवसर पर विनीता रावत एवं जगमोहन सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों, चिकित्सकों और आवश्यक स्टाफ की शीघ्र नियुक्ति भी बेहद जरूरी है, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ मिल सके।
भटवाड़ी क्षेत्र में इस बड़ी सौगात को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह अस्पताल आने वाले समय में पूरे गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा केंद्र बनेगा और सीमांत क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा।

