उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा,
उत्तरकाशी जनपद के पुरोला क्षेत्र में नाबालिगा के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में पुरोला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश के साथ-साथ नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 की सुबह एक व्यक्ति ने थाना पुरोला में अपनी नाबालिग पुत्री की गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों के अनुसार युवती 9 मई को बिना बताए घर से चली गई थी और वापस नहीं लौटी। पुलिस विवेचना के दौरान युवती के नाबालिग होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, पतारसी और सुरागरसी के आधार पर देर शाम मोरी क्षेत्र के एक गांव से नाबालिगा को सकुशल बरामद कर लिया।
पीड़िता के बयान एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक गोविन्द राम (18 वर्ष) के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 64 तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5(ठ)/6 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में शामिल रहे—
उपनिरीक्षक मनोज नेगी
महिला कांस्टेबल बबीता
समाज को जागरूक होने की जरूरत
लगातार बढ़ रहे नाबालिगों के साथ अपराध समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए केवल पुलिस कार्रवाई ही नहीं, बल्कि अभिभावकों, समाज और युवाओं को भी जागरूक होना होगा। बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी, सही मार्गदर्शन और समय पर संवाद ही इस तरह के अपराधों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
नाबालिगा के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पुरोला पुलिस की त्वरित कार्रवाई

