उत्तरकाशी। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत परखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुण्डा के निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान एनपी-एनसीडी कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष बेहद कम उपलब्धि मिलने पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए 20 दिन के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी उत्तरकाशी डॉ. श्याम विजय के निर्देशानुसार आयोजित इस निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल ने की।
लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो तय होगी व्यक्तिगत जवाबदेही
बैठक में एनपी-एनसीडी कार्यक्रम की खराब प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डॉ. पोखरियाल ने स्पष्ट किया कि आगामी 20 दिनों के भीतर निर्धारित लक्ष्यों एवं मानकों के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो सबसे पहले संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और उसके बाद संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) एवं एएनएम के विरुद्ध प्रचलित सेवा नियमावली के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही से बचना संभव नहीं होगा।
### स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न अनुभागों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अपर सीएमओ ने ओपीडी कक्ष, फार्मेसी, डेंटल क्लीनिक, वार्ड, ड्रेसिंग कक्ष और मेडिसिन स्टोर सहित विभिन्न अनुभागों का जायजा लिया। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों की जांच करते हुए संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।
### तंबाकू उन्मूलन परामर्श कार्यशाला भी आयोजित
इस अवसर पर बालाजी सेवा संस्थान, देहरादून के सहयोग से तंबाकू उन्मूलन परामर्श कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, तंबाकू छोड़ने के उपायों और परामर्श सेवाओं की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
### राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में आरबीएसके, एनसीडी, मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान डॉ. सुदेश पंवार ने आरबीएसके कार्यक्रम, जिला सलाहकार ज्ञानेन्द्र पंवार ने एनसीडी कार्यक्रम तथा अमित जुयाल ने मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं अन्य कार्यक्रमों की प्रगति का प्रस्तुतिकरण किया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक हरदेव राणा ने विभिन्न कार्यक्रमों की लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियों की समीक्षा की।
अपर सीएमओ ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा, सतत निगरानी और समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डुण्डा डॉ. आनंद पाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हरदेव राणा, डॉ. सुदेश पंवार, ज्ञानेन्द्र पंवार, अमित जुयाल, आशा ब्लॉक कोऑर्डिनेटर राजेश्वरी सेमवाल, डाटा एंट्री ऑपरेटर तरुण पंवार सहित समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं एएनएम मौजूद रहे।

