उत्तरकाशी/चिन्यालीसौड़। जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य के दिशा-निर्देशों के क्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य एवं विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण भी किया।

शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ की स्वास्थ्य टीम ने स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में कुल 426 लोगों का ओपीडी पंजीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं 200 लोगों की उच्च रक्तचाप तथा 232 लोगों की मधुमेह की स्क्रीनिंग की गई।
जांच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने वाले लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जरूरत के अनुसार उपचार और आगे की जांच के लिए भी लोगों को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य टीम ने लोगों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह समेत गैर-संचारी रोगों की नियमित जांच, समय पर उपचार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया।

एक ही परिसर में कई विभागों की सेवाएं
बहुउद्देशीय शिविर में स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग के साथ दिव्यांग प्रमाण-पत्र एवं आयुष्मान कार्ड से संबंधित पात्र लाभार्थियों को सहायता, टीकाकरण तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी भी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाना और विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन पंचोला सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा / उत्तरकाशी

