उत्तरकाशी में गूंजेगा ‘पीढ़ियों का कारवां’, बुजुर्गों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा का होगा संगम

उत्तरकाशी, 14 सितंबर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी जिले में बुजुर्गों के सम्मान, उनके अनुभवों को नई पीढ़ी से जोड़ने और समाज में वृद्धजनों की भूमिका को रेखांकित करने के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष ‘पीढ़ियों का कारवां’ थीम के तहत होने वाले कार्यक्रमों में वृद्धजनों के साथ छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
सोमवार को विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 1 अक्टूबर को होने वाले जनपद स्तरीय कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय वृद्धजनों ने भी अपने विचार साझा किए।

ये भी पढ़ें:  उच्च शिक्षा में 37 असिस्टेंट प्रोफेसर को मिली प्रथम तैनाती, राजनीति शास्त्र में 22 व भूगोल में 15 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल 


सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में शिक्षा विभाग को ‘सेल्फी विद ग्रैंड पेरेंट्स’, पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन, गायन/गीत प्रतियोगिता, स्वरचित कविता एवं काव्य पाठ जैसी रचनात्मक विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट प्रतिभागियों का विवरण 20 सितंबर 2026 तक समाज कल्याण विभाग उत्तरकाशी को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी फोकस
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को पुरोला और चिन्यालीसौड़ विकासखंडों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका एवं स्वजल को संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाने को कहा गया, ताकि वृद्धजनों के लिए स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

ये भी पढ़ें:  सीएम धामी ने पंचकेदारो के गद्दीस्थल से किया शीतकालीन यात्रा का आगाज


युवा पीढ़ी से जुड़ेगा बुजुर्गों का अनुभव
1 अक्टूबर को समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय कार्यक्रम में वृद्धजनों के साथ छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। इसका उद्देश्य बुजुर्गों के जीवन अनुभव, ज्ञान और सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ पीढ़ियों के बीच संवाद और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है।
बैठक में मौजूद वृद्धजनों ने अपने विचार रखते हुए भारत सरकार की इस पहल की सराहना की और वृद्धजनों को सम्मान एवं सामाजिक सहभागिता का अवसर देने के लिए आभार व्यक्त किया।
बैठक में श्रीमती प्रभावती गौड़, प्रेम सिंह पंवार, वीरेंद्र सिंह पंवार सहित अन्य वृद्धजन, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी के प्राचार्य पंकज पंत, एसीएमओ डॉ. प्रेम पोखरियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, ईओ नगर पालिका शालिनी चित्रण, समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पवार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सहायक समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *