उत्तरकाशी। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” और “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुरोला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से वांछित बताई जा रही महिला आरोपी मैराज को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मई 2026 में डामटा बैरियर पर चेकिंग के दौरान दो युवकों को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान देहरादून के सहसपुर निवासी मैराज की कथित संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसके खिलाफ धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए 13 सितंबर 2026 को खुशहालपुर चौक, सहसपुर, देहरादून से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
नशे की सप्लाई चेन तक पहुंचने में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले में नशे के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच का फोकस इस बात पर है कि अवैध स्मैक की सप्लाई में कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इस नेटवर्क की कड़ियां कहां तक फैली हुई हैं।
आरोपी के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार महिला के खिलाफ उत्तरकाशी और देहरादून में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017, 2018 और 2019 में एनडीपीएस के कई मामले, वर्ष 2022 में गैंगस्टर एक्ट तथा वर्ष 2025-26 में उत्तरकाशी और देहरादून में एनडीपीएस से जुड़े कई मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, देहरादून में आरोपी के खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
एसपी के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पुरोला श्री दीपक कठैत के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार आरोपी:
मैराज पत्नी मुस्तकीम, निवासी खुशहालपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून, उम्र 48 वर्ष।
पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह, प्रभारी चौकी नौगांव
कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार
महिला कांस्टेबल रिंकी
पुलिस का कहना है कि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच और कार्रवाई लगातार जारी है।
ऑपरेशन प्रहार: पुरोला पुलिस ने देहरादून से महिला ड्रग तस्कर को दबोचा

