ब्रेकिंग न्यूज | उत्तरकाशी
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड के पास रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, टेंपो ट्रैवल्स वाहन संख्या UK-14 PA 5006 के ब्रेक फेल होने के बाद वाहन सड़क पर ही पलट गया। वाहन में करीब 17 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए ले जाया जा रहा है। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यात्री राजस्थान के रहने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते सड़कें कई स्थानों पर संवेदनशील बनी हुई हैं। ऐसे में ब्रेक फेल होने जैसी तकनीकी खराबी ने हादसे का खतरा और बढ़ा दिया। गनीमत रही कि वाहन समय रहते सड़क पर ही पलट गया और 17 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।
घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी और यात्रियों की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
उत्तरकाशी में बड़ा हादसा टला: सोनगाड के पास ब्रेक फेल होने से टेंपो ट्रैवल्स पलटा, 17 यात्री सवार

