उत्तरकाशी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस ने नो पार्किंग जोन एवं सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम ने जनपद मुख्यालय के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान उत्तरकाशी सब्जी मंडी, टैक्सी स्टैंड, ज्ञानसू, गैस गोदाम और जोशियाड़ा समेत अन्य क्षेत्रों में सड़क किनारे तथा नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों की जांच की गई। यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहे वाहनों के खिलाफ पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत 35 वाहनों के चालान किए।

पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है।
उत्तरकाशी पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और नो पार्किंग जोन में वाहन पार्क न करें। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है।

पुलिस की ओर से आगे भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही गई है।

