कांवड़ मेले के बाद गंगा घाटों की गंदगी के बीच संजय श्रीवास्तव ने निभाया सामाजिक कार्यकर्ता का फर्ज

गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस | हरिद्वार
हरिद्वार। कांवड़ मेले के बाद धर्मनगरी हरिद्वार के गंगा घाटों पर जमा गंदगी के बीच अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल कर सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में भूपतवाला स्थित चित्रकूट आश्रम के चित्रगुप्त घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के चलते गंगा घाटों पर जमा हुए कूड़े-कचरे को साफ करने के लिए जिला प्रशासन ने सामाजिक संस्थाओं से भी आगे आकर अभियान चलाने की अपील की थी। इसी आह्वान पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा से जुड़े प्रदेशभर के पदाधिकारी और सदस्य चित्रकूट घाट पहुंचे और स्वयं सफाई अभियान में जुट गए।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि गंगा केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की जीवनधारा है। कांवड़ मेले के बाद घाटों पर बढ़ी गंदगी को देखते हुए महासभा ने सामाजिक दायित्व निभाने का निर्णय लिया। उन्होंने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि गंगा घाटों पर कूड़ा न फैलाएं और स्वच्छता के साथ संस्कार का संदेश लेकर जाएं।

ये भी पढ़ें:  सुनील शेट्टी ने की चारधाम यात्रा की तारीफ कहा, व्यवस्थाएं उम्मीद से कहीं बेहतर


उन्होंने कहा, “धर्मनगरी में कचरा नहीं, संस्कार फैलाने की जरूरत है।” महासभा की ओर से स्वच्छता अभियान को भविष्य में भी जारी रखने की बात कही गई।
स्वच्छता अभियान के बाद महासभा के सदस्यों ने गंगा घाट के समीप वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान 101 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। महासभा की इस पहल ने स्वच्छ गंगा और हरित पर्यावरण के प्रति सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से पहुंचे महासभा की कोर कमेटी के सदस्यों ने बैठक कर संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की और आगामी गतिविधियों को लेकर निर्णय लिए।
कार्यक्रम में रुद्रपुर से ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, आरके सिन्हा, देहरादून से अतुल श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, रवि सरन, सुशील सक्सेना, राजीव श्रीवास्तव, अभय श्रीवास्तव, नितेश सक्सेना, हरिद्वार से अनिल श्रीवास्तव सहित कायस्थ मातृशक्ति की ममता श्रीवास्तव, नीतू श्रीवास्तव, सोना श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। आमंत्रित सदस्य के रूप में गाजियाबाद से शेखर सक्सेना ने भी सहभागिता की।
गंगा घाट की गंदगी देखकर केवल सवाल उठाने के बजाय खुद सफाई के लिए मैदान में उतरना और 101 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना—संजय श्रीवास्तव और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की यह पहल सामाजिक जिम्मेदारी की एक सकारात्मक मिसाल बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *