नाग पंचमी महोत्सव में देवदर्शन को पहुंचे पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण

उत्तरकाशी। नाग पंचमी के पावन पर्व पर गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने धनारी एवं टकनौर क्षेत्र में आयोजित विभिन्न नाग पंचमी महोत्सवों में पहुंचकर देवदर्शन किए और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।


पूर्व विधायक सजवाण ने सर्वप्रथम धनारी क्षेत्र के पंचाणगांव स्थित भगवान श्री चंदन नाग देवता के सिद्धपीठ मन्यारा धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवता से समस्त क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि की पहचान उसकी समृद्ध देव संस्कृति, लोक आस्था और सदियों पुरानी परंपराओं से है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा को भी मजबूत करते हैं।

ये भी पढ़ें:  सेवा भी सुरक्षा भी गंगोत्री धाम में उत्तरकाशी पुलिस ने तीर्थयात्रियों को फलाहार व जूस वितरित कर किया स्वागत


इसके बाद पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण टकनौर क्षेत्र के बार्सू गांव पहुंचे, जहां भगवान श्री बासुकी नाग देवता के सानिध्य में आयोजित भव्य नाग पंचमी देव महोत्सव में उन्होंने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बासुकी नाग देवता के दुग्धाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना के दर्शन कर देव आशीर्वाद प्राप्त किया।
देव डोलियों के दिव्य मिलन के बने साक्षी
नाग पंचमी महोत्सव का आकर्षण उस समय और बढ़ गया, जब यमुनोत्री क्षेत्र की गीठ पट्टी के राना गांव से भगवान श्री समेश्वर देवता तथा पाला गांव से सर्पनाथ देवता, नारायण देवता और नरसिंह देवता की देव डोलियां बार्सू पहुंचीं। देव डोलियों के आगमन और दिव्य मिलन के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। पूरा क्षेत्र जयकारों और देव आस्था से गुंजायमान हो उठा।
पूर्व विधायक सजवाण ने कहा कि देव डोलियों का यह पावन मिलन उत्तराखंड की अनूठी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत स्वरूप है। उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराएं समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करती हैं।
उन्होंने पंचाणगांव एवं बार्सू सहित समस्त क्षेत्रवासियों को नाग पंचमी महोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भगवान चंदन नाग, बासुकी नाग एवं समेश्वर महाराज से क्षेत्र पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
पूर्व विधायक के देवदर्शन और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ नाग पंचमी का पर्व श्रद्धा, आस्था और देव संस्कृति के रंग में सराबोर नजर आया।
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *