चिन्यालीसौड़ नगर पालिका की स्वच्छता और जनभागीदारी की अपील, स्वतंत्रता दिवस पर नागरिकों से सहयोग का आह्वान

गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस | उत्तरकाशी
चिन्यालीसौड़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ की ओर से नगरवासियों एवं चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर बनाने में सहयोग की अपील की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली श्याम एवं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की ओर से जारी सार्वजनिक अपील में नागरिकों से स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नगर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
नगर पालिका ने अपील की है कि चारधाम यात्रा के दौरान नगर में आने वाले श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक सार्वजनिक स्थानों और यात्रा मार्गों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं तथा नगर पालिका द्वारा उपलब्ध कराए गए कूड़ेदान एवं सार्वजनिक सुविधाओं का उपयोग करें। प्लास्टिक की बोतलें अथवा अन्य कचरा खुले में न फेंकने और गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील भी की गई है।
पालिका की ओर से लोगों से यात्रा मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, खुले में कूड़ा न डालने, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद करने का आग्रह किया गया है। साथ ही नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों से नगर पालिका का सहयोग करने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें:  नगुण बैरियर पर जूस वितरित कर उत्तरकाशी पुलिस ने किया तीर्थयात्रियों का स्वागत


नगर पालिका ने नागरिकों से समय पर गृहकर एवं अन्य करों का भुगतान करने, घरों के आसपास पानी जमा न होने देने तथा पार्कों और सार्वजनिक स्थलों में लगे पेड़-पौधों को नुकसान न पहुंचाने की भी अपील की है।
स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में चिन्यालीसौड़ को बेहतर स्थान दिलाने का लक्ष्य
नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में नगर को बेहतर रैंकिंग दिलाने का लक्ष्य रखा है। पालिका की ओर से कहा गया कि यह लक्ष्य केवल नगर निकाय के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जनभागीदारी से ही हासिल किया जा सकता है।


नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली श्याम ने स्वतंत्रता दिवस पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का पर्व हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नगर के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
नगर पालिका की इस पहल को गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस नगरहित में एक सकारात्मक प्रयास के रूप में प्रमुखता से सामने ला रहा है। पालिका का संदेश साफ है—स्वच्छ चिन्यालीसौड़, सुंदर चिन्यालीसौड़ और विकसित चिन्यालीसौड़ के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
जय हिंद!

ये भी पढ़ें:  उत्तरकाशी मोरी पुलिस नशे के सौदागरों पर लगातार कर रही है कार्रवाई चरस की तस्करी कर रहे 2 युवकों को किया गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *