
उत्तरकाशी। गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव की बेटी दीपिका की अपने पिता को स्वदेश वापस लाने की भावुक गुहार ने अब जनप्रतिनिधियों और समाज का ध्यान भी अपनी ओर खींचना शुरू कर दिया है। इस बीच
गंगोत्री विधानसभा के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने परिवार से मुलाकात कर ₹50 हजार की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की और इस संघर्ष में हरसंभव साथ देने का भरोसा दिलाया।
पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण मंगलवार को गोरसाड़ा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दीपिका और उसके परिजनों से मुलाकात कर उनकी पूरी स्थिति की जानकारी ली। बातचीत के दौरान परिवार ने बताया कि दीपिका के पिता इंद्रमणी नौटियाल पिछले करीब आठ वर्षों से सऊदी अरब में प्रतिकूल परिस्थितियों में फंसे हुए हैं। इस लंबे इंतजार ने परिवार को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से गहरे संकट में डाल दिया है।
परिवार की स्थिति देखने के बाद सजवाण ने मौके पर ही ₹50 हजार की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
उन्होंने कहा कि कठिन समय में केवल सहानुभूति जताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरतमंद परिवार के साथ व्यवहारिक रूप से खड़ा होना भी समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में वह आगे भी हरसंभव सहयोग के लिए प्रयासरत रहेंगे।
पूर्व विधायक ने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और सक्षम नागरिकों से भी अपील की कि वे इस परिवार की मदद के लिए आगे आएं।
उनका कहना था कि यदि समाज सामूहिक रूप से सहयोग करेगा तो दीपिका के परिवार को इस कठिन दौर से उबरने में बड़ी राहत मिल सकती है और उसके पिता की स्वदेश वापसी की उम्मीद भी मजबूत होगी।
दीपिका की मार्मिक अपील के बाद सामने आई यह मदद अब क्षेत्र में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सहभागिता की एक नई मिसाल के रूप में देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि प्रशासन, जनप्रतिनिधि और समाज मिलकर प्रयास करें तो वर्षों से विदेश में फंसे इंद्रमणी नौटियाल की घर वापसी का रास्ता आसान हो सकता है।

