गोरसाड़ा पहुँचे पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, परिवार से मिल बोले— “इंद्रमणी की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा”

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह
गंगोत्री विधानसभा के गोरसाड़ा गांव में शनिवार को उस समय भावुक माहौल देखने को मिला, जब पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सऊदी अरब में पिछले लगभग आठ वर्षों से फंसे इंद्रमणी नौटियाल के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिवार का हालचाल जाना और इंद्रमणी की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए हर स्तर पर प्रभावी पहल करने का भरोसा दिया।


पूर्व विधायक सजवाण ने कहा कि दीपिका नौटियाल द्वारा अपने पिता को भारत वापस लाने की मार्मिक अपील ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का संघर्ष नहीं, बल्कि एक बेटी की उम्मीद, एक परिवार का दर्द और पूरे समाज की संवेदनाओं का विषय है।
उन्होंने कहा कि इंद्रमणी नौटियाल के परिजनों से मुलाकात के दौरान उनकी पीड़ा को करीब से महसूस किया। ऐसे मामलों में समाज, जनप्रतिनिधियों और सरकार को मिलकर आगे आना चाहिए, ताकि वर्षों से बिछड़ा परिवार फिर से एक हो सके।
परिजनों ने बताया कि एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद इंद्रमणी नौटियाल पिछले करीब आठ वर्षों से सऊदी अरब में फंसे हुए हैं, जिससे पूरा परिवार लगातार मानसिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है।
पूर्व विधायक ने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा परिवार के साथ दिखाई गई संवेदनशीलता सराहनीय है और वे स्वयं भी इस अभियान से पूरी तरह जुड़ते हुए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, प्रवासी उत्तराखंडवासियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे इस मानवीय अभियान में आगे आएं। उन्होंने कहा, “किसी एक परिवार का दुःख केवल उसका निजी दुःख नहीं होता, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी होती है। यदि सभी मिलकर प्रयास करें तो एक बेटी की उम्मीद और एक परिवार की खुशियां जरूर लौट सकती हैं।”
इस अवसर पर जिला पंचायत प्रतिनिधि राय सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल रावत, नाल्डकठूड़ से जिला पंचायत प्रतिनिधि राजेंद्र राणा (राजू), बढ़ेथ प्रधान आशुतोष बिष्ट, सीरी प्रधान तेजपाल सिंह राणा, पीएम जनकल्याण समिति के अध्यक्ष नितिन नौटियाल, युवा नेता दिनेश राणा सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  वीरपुर की महिला बुनकरों को मिली आधुनिक ट्रेनिंग,आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *