उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
चिन्यालीसौड़ नगर पालिका परिषद एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। लगातार बोर्ड बैठकों के बाधित होने के बीच पालिकाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता कर कुछ वार्ड सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने साफ कहा कि जनता का विकास किसी भी कीमत पर नहीं रुकने दिया जाएगा और जो लोग राजनीतिक दबाव में बोर्ड की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने कहा कि उनके लिए राजनीति से ऊपर जनता का हित है। नगर की सफाई, पेयजल, सड़क, नालियां और अन्य विकास कार्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर वह पूरी ईमानदारी से खरा उतरेंगे और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ वार्ड सदस्य लगातार बोर्ड बैठकों को असफल बना रहे हैं, जिससे नगर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और सबसे बड़ा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो नियमों के तहत कुछ सदस्यों की सदस्यता पर भी संकट आ सकता है। उनका आरोप है कि कुछ लोग अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका से जुड़े मामलों की जांच जिलाधिकारी स्तर पर हो चुकी है और रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है जहां से आनी अभी बाकी है यदि किसी जांच में उन पर कोई आरोप सिद्ध होता है तो वह नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अब मनमानी नहीं चलेगी और जनता के हितों की रक्षा के लिए नगर पालिका जल्द बड़े और कड़े फैसले लेने जा रही है।
पालिकाध्यक्ष के इन आरोपों के बाद चिन्यालीसौड़ नगर पालिका का विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि बोर्ड की अगली बैठक होती है या नहीं और नगर के विकास कार्यों को लेकर आगे क्या निर्णय लिए जाते हैं।


