उत्तरकाशी,
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस
जनपद उत्तरकाशी में आगामी 23 और 24 मई को होने वाले भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। लोकतंत्र की मजबूती और चुनावी व्यवस्थाओं के निरीक्षण को लेकर होने वाले इस महत्वपूर्ण दौरे ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम स्वयं उत्तरकाशी पहुंचे और तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि दौरे के दौरान निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं, मतदान केंद्रों की स्थिति, तकनीकी संसाधनों और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेष फोकस रहेगा। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं ताकि दौरा पूरी तरह सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त का यह दौरा उत्तरकाशी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे जिले की चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

जनपद में इस हाई-प्रोफाइल दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला लगातार सक्रिय है और हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। आने वाले दो दिनों में उत्तरकाशी में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का एक अहम अध्याय देखने को मिल सकता है।

