स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के साथ उत्तरकाशी में हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद उत्तरकाशी में विभिन्न स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जिसके माध्यम से लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।


जनपद के यमुनोत्री धाम, गंगोत्री धाम, सभी विकासखंडों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित योग कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजकीय आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में आयोजित हुआ।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं विभिन्न शारीरिक क्रियाओं का अभ्यास कराया। इस दौरान योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, तनाव मुक्ति और सकारात्मक ऊर्जा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।

ये भी पढ़ें:  मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने जिलाधिकारियों से भू-कानून के सम्बन्ध में तहसील स्तर पर हितधारकों के साथ की गई बैठकों की रिपोर्ट पर लिया अपडेट, दिए निर्देश..


इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि आज योग भारत की सीमाओं से निकलकर पूरे विश्व में स्वास्थ्य और कल्याण का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। उन्होंने सभी नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि जनपद के दोनों धामों, सभी ब्लॉकों और विभिन्न क्षेत्रों में बड़े उत्साह के साथ योग दिवस मनाया गया। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग का महत्व और बढ़ गया है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति की कार्यक्षमता, एकाग्रता और मानसिक दृढ़ता में वृद्धि होती है।

ये भी पढ़ें:  उत्तरकाशी। नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट के वार्ड नंबर-08 जोशियाड़ा स्थित कालेश्वर मार्ग में पिछले 25 वर्षों से बनी जलभराव की समस्या


वही गंगोत्री धाम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष में मंदिर प्रांगण में शिवानंद आश्रम के योग साधकों द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया जिसमें पुलिस, आइटीबीपी, एसडीआरएफ, पीएसी, एवं अन्य इच्छुक यात्रियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। यह आयोजन सकुशल संपन्न हुआ।
जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में भी योग दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने बड़ी संख्या में योग कार्यक्रमों में सहभागिता कर योग के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
इस अवसर पर दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, डॉ. जेएन नौटियाल अध्यक्ष भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, सीएमओ डॉ बीएस रावत, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी रत्नमणि भट्ट, सीवीओ एचएस बिष्ट, सीईओ अमित कोटियाल,सीएचओ रजनीश सिंह,
प्रदेश संयोजक चिकित्सा प्रकोष्ठ बीजेपी चंडी प्रसाद भट्ट,सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *