खालसी रोड पर दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, युवक की मौत, एक गंभीर घायल

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
चिन्यालीसौड़, 19 जून। जनपद उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा खालसी रोड स्थित राणो की गाड़ के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शाम करीब 4:40 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से वाहन दुर्घटना की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही चौकी चिन्यालीसौड़ से पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना करीब 3:30 बजे हुई थी।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन DL14 CG 3050 (टाटा अल्ट्रोज, नीले रंग की कार) सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे खाई में गिर गया था। हादसे में वाहन सवार सूरज (24 वर्ष) पुत्र स्व. श्याम सिंह, निवासी खालसी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का शव वाहन से करीब 150 मीटर नीचे मिला।
वहीं वाहन में सवार दूसरे युवक सुमन पवार (25 वर्ष) पुत्र चंद्र सिंह, निवासी न्यू खालसी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस एवं स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से मृतक के शव को खाई से निकालकर अग्रिम कार्रवाई के लिए मोर्चरी चिन्यालीसौड़ भेज दिया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें:  देवभूमि में निर्भय होकर कार्य करे मातृशक्ति, महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन व लिंग समानता के लिए आयोग कर रहा काम : कुसुम कण्डवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *