उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर मनेरी पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए एक सराहनीय पहल की। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक दीपक नौटियाल के नेतृत्व में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के बुजुर्गों को सम्मानित कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा हर परिस्थिति में पुलिस सहयोग का भरोसा दिलाया गया।

कोतवाली मनेरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बुजुर्गों से सीधे संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और सहायता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई तथा शारीरिक, मानसिक या आर्थिक दुर्व्यवहार की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई। इसके साथ ही साइबर अपराधों, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी देते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जागरूक किया गया।
मनेरी पुलिस ने नशे के दुष्प्रभावों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ भी जागरूकता फैलाते हुए ऐसी गतिविधियों की सूचना गोपनीय रूप से पुलिस को देने की अपील की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल सिंह, महिला उपनिरीक्षक हिमानी पंवार, अपर उपनिरीक्षक संजय बिष्ट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली और जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए प्रभारी निरीक्षक दीपक नौटियाल को पुष्प भेंट कर आभार व्यक्त किया।
“सम्मान, सुरक्षा और संवेदना” का संदेश
मनेरी पुलिस की यह पहल केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश भी है। पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने वाली इस पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

