गांव-गांव पहुंच रहे विजयपाल सजवाण, सुख-दुःख के साथी बनकर जीत रहे जनता का भरोसा

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
राजनीति में अक्सर नेताओं की सक्रियता चुनावी मौसम तक सीमित मानी जाती है, लेकिन गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण की कार्यशैली इससे अलग नजर आती है। वर्षों से क्षेत्र के गांवों में लगातार जनसंपर्क बनाए रखने वाले सजवाण एक बार फिर बाड़ाहाट और बाड़ागड्डी क्षेत्र के गांवों में लोगों के बीच पहुंचे। उनके इस दौरे की खास बात केवल राजनीतिक संपर्क नहीं, बल्कि लोगों के सुख-दुःख में सहभागी बनने की उनकी पुरानी परंपरा रही।


रविवार को उन्होंने जोशियाड़ा, कंसेण, कोटी, अलेथ, किशनपुर, कंकराड़ी और बोगाड़ी गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने न केवल क्षेत्र की समस्याओं को सुना बल्कि उन परिवारों के घर भी पहुंचे जहां हाल के दिनों में दुखद घटनाएं हुई थीं। शोक संतप्त परिवारों के बीच बैठकर संवेदना व्यक्त करना और उनका मनोबल बढ़ाना उनके दौरे का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
गंगोत्री विधानसभा में विजयपाल सजवाण की पहचान केवल एक पूर्व विधायक के रूप में नहीं बल्कि ऐसे जनप्रतिनिधि के रूप में भी रही है जो चुनावी दौर से इतर भी जनता के बीच लगातार मौजूद रहते हैं। यही कारण है कि क्षेत्र के अनेक गांवों में आज भी लोग उन्हें अपने परिवार का सदस्य मानते हैं।

ये भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा के बीच उत्तरकाशी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 428 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

ग्रामीणों के साथ हुई बैठकों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं उनके सामने रखीं, जिस पर सजवाण ने गंभीरता से विचार करते हुए जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिलाया।
पूर्व विधायक ने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करना और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहना उनका संकल्प है। उनके अनुसार राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं बल्कि लोगों के जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहभागी बनना है।
गंगोत्री विधानसभा में लगातार हो रहे उनके जनसंपर्क कार्यक्रमों को राजनीतिक जानकार भी महत्वपूर्ण मान रहे हैं। क्षेत्र में उनकी सक्रियता, जनता के साथ सीधा संवाद और हर परिस्थिति में लोगों के बीच उपस्थित रहने की शैली उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान देती है। यही वजह है कि आज भी क्षेत्र के कई हिस्सों में विजयपाल सजवाण को एक मजबूत जनाधार वाले जननेता के रूप में देखा जाता है।
ग्रामीणों ने भी उनके दौरे पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के बीच लगातार पहुंचने वाले नेता ही क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को समझ सकते हैं। जनसरोकारों से जुड़ी यही सक्रियता विजयपाल सजवाण को गंगोत्री क्षेत्र की राजनीति में लगातार प्रासंगिक बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *