उत्तरकाशी,
रिपोर्टर गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
हर्षिल क्षेत्र के बगोरी गांव से लापता हुई 5 वर्षीय मासूम बालिका नंदनी को हर्षिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल खोज निकाला। बच्ची के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, नंदनी रविवार को बिना बताए घर से निकल गई थी। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर हर्षिल पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में व्यापक खोज अभियान चलाया। पुलिस ने पतारसी-सुरागरसी के साथ स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई और लगातार तलाश जारी रखी।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने नन्ही नंदनी को बगोरी हेलीपैड के समीप सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में पता चला कि बच्ची घर का रास्ता भूल जाने के कारण भटक गई थी।
पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया तथा अभिभावकों को बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और उन्हें अकेला न छोड़ने की सलाह दी। मासूम के सकुशल मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने उत्तरकाशी पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
हर्षिल पुलिस की मुस्तैदी से एक परिवार की खुशियां फिर लौटीं और नन्ही नंदनी की मुस्कान ने सभी के चेहरे खिलाए।
हर्षिल पुलिस ने लौटाई परिजनों की मुस्कान, 5 वर्षीय नंदनी सकुशल बरामद

