उत्तरकाशी,
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। रविवार 14 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात नोडल, जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

पुलिस लाइन ज्ञानसू स्थित भागीरथी कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में एसपी ने अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, आयोग एवं प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जनपद मुख्यालय और आसपास स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन किया जाएगा। प्रवेश-पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र और पेन के अलावा किसी भी सामग्री को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकृत व्यक्तियों के अतिरिक्त अन्य किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
एसपी ने बताया कि जनपद में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 17 केंद्र उत्तरकाशी मुख्यालय क्षेत्र तथा 4 केंद्र बड़कोट सर्किल में स्थित हैं। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पूरे जनपद को 2 सुपर जोन, 5 जोन और 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, अभिसूचना इकाइयों और मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था की गई है।
वर्षा अलर्ट को देखते हुए यातायात पुलिस को परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, रेस्टोरेंट और होमस्टे की निगरानी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एसओजी और अभिसूचना इकाइयों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
बैठक के दौरान पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, प्रतिसार निरीक्षक शिवकुमार, कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार, धरासू थाना प्रभारी मनोज असवाल, मनेरी थाना प्रभारी दीपक नौटियाल, निरीक्षक अभिसूचना विकास नौटियाल, यातायात निरीक्षक सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बड़कोट सर्किल के अधिकारियों ने बैठक में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
उत्तरकाशी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू कर दी गई हैं।

