पंचाचूली बेस कैंप से लौट रहे पर्यटकों की स्कॉर्पियो पर गिरा विशाल बोल्डर, चालक समेत 2 की मौत, 4 गंभीर घायल

पिथौरागढ़।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। धारचूला तहसील मुख्यालय से लगभग 42 किलोमीटर दूर पंपाबे क्षेत्र में पंचाचूली बेस कैंप से लौट रहे पर्यटकों की स्कॉर्पियो वाहन पर पहाड़ी से अचानक विशाल बोल्डर गिर गया।
हादसा इतना भयावह था कि वाहन चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग व राहत दल मौके पर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के कोटा जिले के रामगंज मंडी क्षेत्र से एक ही परिवार के नौ चचेरे भाई-बहन उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे। सभी ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए थे तथा इसके बाद दारमा घाटी और पंचाचूली बेस कैंप की यात्रा पर निकले थे।
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे पंपाबे क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक एक विशाल बोल्डर टूटकर स्कॉर्पियो वाहन के अगले हिस्से पर आ गिरा। हादसे में वाहन चालक सुरेन्द्र गर्ब्याल (50) निवासी गर्ब्यांग, धारचूला तथा केशव खंडेलवाल (15) निवासी रामगंज मंडी, राजस्थान की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में ऋषभ खंडेलवाल (30), राघव खंडेलवाल (17), रुणि खंडेलवाल (26) तथा आयुष खंडेलवाल (24) शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय धारचूला भेजा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।

ये भी पढ़ें:  📡 टावर बना ‘शोपीस’, नेटवर्क गायब: भटवाड़ी के सिल्ला-पिलंग-जौड़ाव में डिजिटल भारत की हकीकत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *