चिन्यालीसौड़ में BRO पर अवैध कब्जे का आरोप, पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने दिया परिसर खाली करने का अल्टीमेटम

उत्तरकाशी,
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
चिन्यालीसौड़। नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के पंचायत भवन पर सीमा सड़क संगठन (BRO) के कथित अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली “श्याम” पालिका प्रशासन और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा भवन में रह रहे लोगों को परिसर खाली करने की चेतावनी दी।
अध्यक्ष मनोज कोहली ने कहा कि पंचायत भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर BRO के कब्जे का प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इससे बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस भवन को जल्द खाली कराया जाएगा ताकि बच्चों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अवैध बिजली कनेक्शन हटाने का दावा

ये भी पढ़ें:  भटवाड़ी ब्लॉक के अंतर्गत माल गांव में बल्लू भालू ने जानलेवा हमला जंगलात विभाग के कान में जु तक नहीं रिंग रहे


पालिका अध्यक्ष ने बताया कि BRO द्वारा लिया गया कथित अवैध विद्युत कनेक्शन तत्काल हटवा दिया गया है। साथ ही बच्चों और अन्य लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सामुदायिक भवन निर्माण की योजना प्रभावित
मनोज कोहली के अनुसार, ऑल वेदर रोड परियोजना के दौरान संबंधित भूमि एवं भवन का मुआवजा भू-स्वामियों की सहमति से नगर पालिका को प्राप्त हो चुका है। पालिका इस धनराशि से क्षेत्र में एक आधुनिक एवं भव्य सामुदायिक भवन का निर्माण करना चाहती है, लेकिन कथित अवैध कब्जे के चलते यह परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही है।
अधिग्रहण प्रक्रिया पर उठाए सवाल
पालिका अध्यक्ष ने BRO की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि संगठन को भूमि की आवश्यकता थी तो सीमांकन कर उसे सड़क निर्माण कार्य में उपयोग किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर ऐसी स्थितियां अधिग्रहण प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।
“जरूरत नहीं तो भूमि वापस करें”
मनोज कोहली ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनहित की भूमि पर “व्यर्थ का अधिपत्य” स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने BRO से मांग की कि यदि भूमि की आवश्यकता नहीं है तो उसे नगर पालिका को वापस किया जाए और संबंधित धनराशि वापस ले ली जाए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता के हितों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा पालिका अपने अधिकारों और जनहित की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *