ऑपरेशन प्रहार: उत्तरकाशी पुलिस के हत्थे चढ़ी कुख्यात महिला ड्रग तस्करी

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महाबीर सिँह राणा
उत्तरकाशी पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित महिला आरोपी मेहराज को देहरादून से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में संलिप्त रही है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक अप्रैल 2026 में स्मैक तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो युवकों से पूछताछ के दौरान मेहराज का नाम सामने आया था। जांच में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक सूचना के आधार पर देहरादून स्थित उसके आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मेहराज के खिलाफ देहरादून और उत्तरकाशी जनपद में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम तथा अन्य धाराओं में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी: मेहराज पत्नी मुस्तकीम, निवासी खुशहालपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून।
उत्तरकाशी पुलिस की इस कार्रवाई को “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  डिजिटल माध्यम से होगी आगामी जनगणना-2027; जिला सभागार में शुरू हुआ प्रशिक्षण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *