उत्तरकाशी
रिपोर्टर महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ विकास खंड में राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत, विद्यालय में आने वाले अतिथियों का स्वागत प्लास्टिक के गुलदस्ते के बजाय स्थानीय वनस्पतियों और केले के पत्तों से बने गुलदस्तों से किया जा रहा है।

छात्रों ने स्कूल के आसपास उगने वाली वनस्पतियों के फूलों का उपयोग कर उन्हें केले के पत्ते से कवर करके गुलदस्ते का रूप दिया है। इस पहल को हर जगह सराहा जा रहा है।
छात्रों का कहना है कि बड़े मंचों पर पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त भारत की बातें तो की जाती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। अक्सर पर्यावरण की बात करने वाले नेताओं का स्वागत भी प्लास्टिक के गुलदस्तों से ही होता है। इसी विरोधाभास को दूर करने के लिए छात्रों ने यह कदम उठाया है।

