भैयादूज पर वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच मां यमुना के कपाट छह माह के लिए हुए बंद, उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास खरसाली (मुखीमठ) के लिए रवाना। अब शीतकाल में मुखीमठ में होंगे मां यमुना के दर्शन।

उत्तरकाशी। विश्वप्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच शीतकाल के छह माह के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली स्थित मुखीमठ के लिए रवाना हुई। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन खरसाली (मुखीमठ) में कर सकेंगे।

इस वर्ष की चारधाम यात्रा ने श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यमुनोत्री धाम में इस यात्रा सीजन के दौरान कुल 8,84,742 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री दोनों धामों को मिलाकर लगभग 18.99 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। श्रद्धालुओं की भारी आमद ने पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।

ये भी पढ़ें:  यमुनोत्री यात्रा मार्ग का डीएम ने लिया जायजा

इस बार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां गंगा और मां यमुना के दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे यात्रा सीजन में तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही से स्थानीय व्यापार, होटल कारोबार, परिवहन और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिली।

प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी रही अहम भूमिका

चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, संबंधित विभागों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उत्तराखंड सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए गए, जिसके चलते इस वर्ष की यात्रा सकुशल संपन्न हुई।

ये भी पढ़ें:  उत्तरकाशी, 14जनवरी 2025 को मकर संक्रांति/माघ मेला के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित

अब गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए शीतकालीन पूजा एवं दर्शन का सिलसिला जारी रहेगा। मां गंगा के दर्शन मुखबा और मां यमुना के दर्शन खरसाली स्थित मुखीमठ में किए जा सकेंगे।

आस्था का सिलसिला नहीं होगा समाप्त, अब शीतकालीन प्रवास में विराजेंगी मां गंगा और मां यमुना।

इस वर्ष की चारधाम यात्रा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उत्तराखंड की देवभूमि के प्रति देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे श्रद्धालु और सफलतापूर्वक संपन्न हुई यात्रा ने आने वाले वर्षों के लिए भी नई उम्मीदें जगाई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *