धरासू पुलिस की बड़ी कामयाबी: ₹1.90 लाख के 15 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए

उत्तरकाशी। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे अभियान में धरासू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से करीब ₹1.90 लाख कीमत के 15 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धरासू पुलिस टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन को CEIR पोर्टल पर दर्ज कर उनकी तकनीकी निगरानी और ट्रैकिंग शुरू की।
तकनीकी निगरानी से अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए मोबाइल

ये भी पढ़ें:  स्वस्थ किशोरी प्रतियोगिता अनुराधा साइंस मॉडल प्रतियोगिता प्रीति कोहली अवशिष्ट पदार्थ प्रदर्शनी में सुप्रिया पवार प्रथम स्थान प्राप्त किया


धरासू पुलिस की तकनीकी एवं फील्ड टीम द्वारा लगातार की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप अलग-अलग स्थानों से कुल 15 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए गए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।
मोबाइल वापस मिलते ही खिले स्वामियों के चेहरे
30 सितम्बर 2026 को कोतवाली धरासू में बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए गए। लंबे समय से गुम मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। मोबाइल स्वामियों ने उत्तरकाशी पुलिस की कार्रवाई और तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस की अपील—मोबाइल गुम हो तो तत्काल करें शिकायत
उत्तरकाशी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर घबराएं नहीं और तत्काल संबंधित थाना या चौकी में सूचना दें। इसके साथ ही CEIR पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करें, ताकि गुम हुए मोबाइल को तकनीकी माध्यमों से ट्रेस और बरामद करने की कार्रवाई की जा सके।
उत्तरकाशी पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *