अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर उत्तरकाशी में बुजुर्गों का सम्मान, स्वास्थ्य और गरिमा का दिया संदेश

उत्तरकाशी। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद उत्तरकाशी में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य, गरिमा और बेहतर जीवन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। राजकीय वृद्धाश्रम डुंडा में आयोजित कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार एवं मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने प्रतिभाग कर वृद्धजनों का सम्मान किया।


राजकीय वृद्धाश्रम डुंडा में निवासरत वयोवृद्धजनों को अतिथियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके अनुभवों, आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम में 20 वृद्धजनों को सहायक उपकरण के रूप में छड़ी भी वितरित की गई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, जीवन मूल्य और समाज के निर्माण में दिए गए योगदान का सम्मान करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृद्धजनों की गरिमा और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किए जाने पर जोर दिया गया।
जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

ये भी पढ़ें:  ब्रह्मखाल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 47 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई


वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के दिशा-निर्देशन एवं जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी के प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.एस. रावत की अध्यक्षता में जिला चिकित्सालय में भी अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वृद्धावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वृद्धजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ भावनात्मक एवं सामाजिक सहयोग मिलना भी बेहद आवश्यक है।
जनपद के समस्त चिकित्सा इकाइयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी कार्यक्रम आयोजित कर वृद्धजनों के स्वास्थ्य एवं देखभाल से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता प्रदान की गई।
इस अवसर पर “सम्मान के साथ उम्र बढ़ाना: बुजुर्गों के लिए देखभाल और सहायता प्रणालियों को मजबूत बनाना” थीम के अनुरूप वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान वीरपुर, डुंडा, हिटाणु, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरपुर, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, खंड विकास अधिकारी दिनेश जोशी, खंड शिक्षा अधिकारी हर्षा रावत, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूडा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. पांगती, डॉ. मुकेश राय, एनसीडी कंसल्टेंट ज्ञानेंद्र पंवार, आईईसी मैनेजर अनिल बिष्ट, आईडीएसपी मैनेजर प्रमोद नौटियाल सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *