उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी जनपद को नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी मिल गए हैं। डॉ. श्याम विजय ने बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उत्तरकाशी का विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपदवासियों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. श्याम विजय ने कहा कि उत्तराखंड सरकार और भारत सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों के पारदर्शी उपयोग और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
नव नियुक्त सीएमओ ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों और कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमैट्रिक उपस्थिति और जियो टैगिंग व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाएगा। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने तथा जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की बात कही।
डॉ. श्याम विजय ने आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पर्वतीय जनपद उत्तरकाशी की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सशक्त बनाया जाएगा।
डॉ. श्याम विजय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जनपद के निवासी हैं। इससे पहले वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्वास्थ्य महानिदेशालय तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, टिहरी गढ़वाल के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब उत्तरकाशी की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।
उत्तरकाशी को मिले नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. श्याम विजय ने संभाला पदभार

