चांगसील बुग्याल में आकाशीय बिजली का कहर, 150 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत

उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड से बड़ी खबर सामने आई है। फतेपर्वत क्षेत्र के चांगसील बुग्याल में आकाशीय बिजली गिरने से 150 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से 8 से 10 पशुपालक परिवारों की आजीविका पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। राजस्व विभाग की टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच चांगसील बुग्याल क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हुई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां इसकी चपेट में आ गईं।
बुधवार सुबह जब पशुपालक अपने झुंडों के पास पहुंचे तो 150 से अधिक भेड़-बकरियां मृत अवस्था में मिलीं। मृत पशुओं की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।
इन दिनों फतेपर्वत क्षेत्र के पशुपालक अपनी भेड़-बकरियों को चराई के लिए चांगसील बुग्याल ले जाते हैं। पशुपालन ही इन परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है, ऐसे में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत से परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। टीम नुकसान का सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके आधार पर प्रभावित पशुपालकों को राहत एवं मुआवजा दिए जाने की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें:  अलेथ गाँव में मांगलिक और वैवाहिक कार्यक्रम में शराब बंद करने का निर्णय नियम का उल्लंघन करने पर 21,000 रुपए का जुर्माना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *